गश्त, पिकेट और चीता ड्यूटी के साथ सघन चेकिंग जारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष भी अपने क्षेत्रों में सक्रिय
अल्मोड़ा। मां नंदा देवी मेले और अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी के निर्देश के बाद जिले में पुलिस की ओर से लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जनपद के प्रवेश मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक तत्व को जिले में प्रवेश करने से रोका जा सके।
पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों, वस्तुओं और व्यक्तियों की जांच के साथ ही रात के समय गश्त बढ़ाई गई है। गश्त के दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ और उनकी तलाशी भी ली जा रही है। पुलिस की ओर से मनचलों और अराजक तत्वों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा जिले में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन भी किया जा रहा है। पुलिस द्वारा सत्यापन की जांच की जा रही है और बिना सत्यापन के रहने वाले लोगों तथा बिना सत्यापन किरायेदार या मजदूर रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
शहर और प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। गश्त, पिकेट और चीता ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
अल्मोड़ा पुलिस के अनुसार, मां नंदा देवी मेले और अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की सतर्क निगरानी बनी हुई है, ताकि किसी भी तरह की आपत्तिजनक या संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।








