नारायण तिवारी देवाल में विधि-विधान से हुआ पूजन और हवन, पिछले 15 दिनों से कलाकारों की तालीम जारी
अल्मोड़ा। श्री रामलीला कमेटी नारायण तिवारी देवाल (एनटीडी) की ओर से इस वर्ष होने वाली रामलीला को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्राद्ध पक्ष को देखते हुए रविवार को रामलीला मैदान में भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंडित कृपाल दत्त तिवारी ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर हवन संपन्न कराया।
भूमि पूजन के साथ ही रामलीला मंचन की तैयारियों को भी गति मिल गई है। रामलीला को इस वर्ष भव्य और आकर्षक बनाने के लिए कलाकारों की तालीम पिछले करीब 15 दिनों से लगातार चल रही है। कलाकार मंचन को बेहतर बनाने के लिए संवाद, अभिनय और अन्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।
कमेटी के पदाधिकारियों के अनुसार रामलीला के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी काम किया जा रहा है। भूमि पूजन कार्यक्रम में कमेटी के संरक्षक गिरीश धवन, अध्यक्ष राजू बिष्ट, सचिव मुकेश नेगी, उपाध्यक्ष भुवन तिवारी, व्यवस्थापक पंकज कांडपाल, उपसचिव सौरभ वर्मा, तालीम इंचार्ज प्रदीप तिवारी, संरक्षक रोहित कपूर सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
भूमि पूजन के साथ एनटीडी रामलीला के मंचन को लेकर क्षेत्र में भी उत्साह नजर आने लगा है। कमेटी की ओर से आयोजन को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां लगातार जारी हैं।








