विधायक मनोज तिवारी ने दिए दो लाख और मेयर अजय वर्मा ने एक लाख रुपये, मुख्यमंत्री की ओर से साढ़े सात लाख रुपये की घोषणा
अल्मोड़ा। ऐतिहासिक मां नंदादेवी मेले के आयोजन के लिए सहयोग राशि मिलने पर मां नंदादेवी मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी और नगर निगम मेयर अजय वर्मा का आभार जताया है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि विधायक मनोज तिवारी की ओर से मेले के आयोजन के लिए दो लाख रुपये तथा नगर निगम मेयर अजय वर्मा की ओर से एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से मिला यह सहयोग मेले के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मनोज वर्मा ने कहा कि नंदादेवी मेला अल्मोड़ा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा प्रमुख धार्मिक आयोजन है। मेले को सफल बनाने में सरकार, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण रहता है।
उन्होंने बताया कि मेले के उद्घाटन अवसर पर सांसद अजय टम्टा ने मंच से जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से विगत वर्षों की सहयोग राशि सहित इस वर्ष के लिए कुल साढ़े सात लाख रुपये की सहयोग राशि मंदिर समिति को देने की घोषणा की गई है। इसके लिए मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री का विशेष आभार जताया।
मनोज वर्मा ने कहा कि मां नंदादेवी और मां सुनंदा के आशीर्वाद से मेला शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हो, यही सभी की कामना है। उन्होंने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों को नंदाष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मंदिर समिति एवं मेला समिति ने सहयोग राशि प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधायक मनोज तिवारी और नगर निगम मेयर अजय वर्मा का आभार व्यक्त किया। साथ ही मेले के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया।








