Haldwani News: शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की बड़ी घोषणाएं, टॉपर छात्रों को लैपटॉप और कॉलेज प्रवेश पर 51 हजार की मदद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share Now:

हल्द्वानी। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय तल्ली, हल्द्वानी में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शिरकत की। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों, महिलाओं और शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और विद्यालय के लिए कई घोषणाएं भी कीं।

 

कार्यक्रम में भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट ने शिक्षा मंत्री का स्वागत किया।

आंगनबाड़ी केंद्रों को जागरूकता का केंद्र बनाने पर जोर

शिक्षा मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका केवल बच्चों के पोषण और शुरुआती शिक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इन केंद्रों के माध्यम से माताओं और परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों की देखभाल से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर तक चलने वाला ‘आंगन का मिलन’ अभियान सेवा, स्वास्थ्य, पोषण और जनभागीदारी को जोड़ने का प्रयास है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभागीय स्तर पर गंभीरता से काम करने के निर्देश भी दिए गए।

टॉपर छात्र-छात्राओं को मिलेगा लैपटॉप

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यार्थियों के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के टॉपर छात्र-छात्राओं को सरकार की ओर से लैपटॉप दिया जाएगा। ok

उन्होंने कहा कि इस योजना में छात्र और छात्रा दोनों शामिल होंगे। इसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना है।

डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वालों को 51 हजार रुपये

शिक्षा मंत्री ने एक और घोषणा करते हुए कहा कि इंटरमीडिएट के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बेटियों की शिक्षा और भागीदारी पर भी जोर दिया। शिक्षा मंत्री के अनुसार छात्र संघ चुनावों में पहली बार बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है।

गौरा देवी कन्या धन योजना के चेक बांटे

कार्यक्रम के दौरान गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत दो लाभार्थियों को 51-51 हजार रुपये के चेक दिए गए। इसके अलावा गोद भराई कार्यक्रम में चार महिलाओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और उन्हें फल वितरित किए गए।

चार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।

प्राथमिक विद्यालय तल्ली में बनेगा अतिरिक्त कक्ष

शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली की जरूरतों को देखते हुए विद्यालय के लिए जल्द ही एक अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत करने की घोषणा की।

उन्होंने अधिकारियों को ‘आंगन का मिलन’ अभियान की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रमों की फोटो और वीडियो विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा।

शिक्षा मंत्री ने बेहतर काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने की बात भी कही।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के निदेशक निश्चल पांडे, भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट, मंडल अध्यक्ष युगल शर्मा, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष मनोज शाह, दिनेश खुल्बे, बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण जोशी, जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य मीना आर्य, डॉ. रिचा शुक्ला, डॉ. कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट और सुपरवाइजर पूनम गोस्वामी समेत विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Chetna News
Author: Chetna News

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail