एक सप्ताह में फिजिशियन की वापसी का दावा हवा-हवाई, भाजपा नेताओं की बयानबाजी से मरीज परेशान: भुवन जोशी
अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी नेता भुवन जोशी ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगस्त में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने दावा किया था कि एक सप्ताह के भीतर जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की तैनाती हो जाएगी। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी फिजिशियन की तैनाती नहीं हुई है।
भुवन जोशी ने कहा कि अगस्त में किया गया एक सप्ताह में फिजिशियन उपलब्ध कराने का दावा अब सवालों के घेरे में है। विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीज परेशान हैं, जबकि भाजपा नेता अलग-अलग बयान देकर जनता के सामने अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के बीच खुद को एक-दूसरे से बड़ा और प्रभावशाली साबित करने की होड़ चल रही है। इसी राजनीतिक खींचतान का असर अब जिला चिकित्सालय जैसे गंभीर जनहित के मुद्दे पर भी दिखाई दे रहा है। अलग-अलग दावों और बयानों से मरीजों और आम लोगों में भ्रम की स्थिति बन रही है।
भुवन जोशी ने कहा कि जिला चिकित्सालय कोई राजनीतिक अखाड़ा नहीं, बल्कि हजारों लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा संस्थान है। यहां मरीजों को नेताओं के आश्वासन नहीं, बल्कि समय पर विशेषज्ञ डॉक्टर और बेहतर इलाज चाहिए।
उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि यदि अगस्त में एक सप्ताह के भीतर फिजिशियन की तैनाती का दावा किया गया था तो अब जनता को यह भी बताया जाना चाहिए कि फिजिशियन की तैनाती कब होगी।
आप नेता ने कहा कि जनता पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से परेशान है। ऐसे में श्रेय लेने की राजनीति और अलग-अलग बयानबाजी से उनकी परेशानी और नहीं बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेताओं को वास्तव में मरीजों की चिंता है तो बयानबाजी के बजाय जिला चिकित्सालय में तत्काल फिजिशियन की तैनाती कराई जाए।
भुवन जोशी ने कहा कि जनता को राजनीतिक दावे नहीं, अस्पताल में डॉक्टर चाहिए।








