मां नंदा देवी मेले को लेकर अल्मोड़ा ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, 28 वाहनों के चालान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share Now:

नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई, मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग तेज

अल्मोड़ा। मां नंदा देवी मेले को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर 10 सितंबर को पुलिस टीम ने चौघानपाटा, माल रोड और एलआर साह रोड क्षेत्र में सघन चेकिंग की। इस दौरान नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े कर यातायात प्रभावित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान नो-पार्किंग में खड़े 28 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से कहा कि शहर में निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने से बचें।

अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा/यातायात भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी निरीक्षक हयात सिंह और इंटरसेप्टर प्रभारी सुमित पांडे के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की।

पुलिस का कहना है कि मेले के दौरान शहर में श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने से जाम और यातायात की समस्या पैदा हो सकती है। इसी को देखते हुए नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

अल्मोड़ा पुलिस ने स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। साथ ही यातायात पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

पुलिस ने साफ किया है कि चेकिंग और चालानी कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Chetna News
Author: Chetna News

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail