स्वास्थ्य मंत्री से मिले सीएमओ डॉ. संजीव गोस्वामी, जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर हुई अहम चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share Now:

देहरादून। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जनपद में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत जानकारी स्वास्थ्य मंत्री को दी।

भेंट के दौरान चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सीएमओ ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन आवश्यक है।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक अन्य संसाधनों की कमी को भी प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का भरोसा दिलाया।

सीएमओ डॉ. गोस्वामी ने बताया कि जनपद में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी दर्ज की गई है। इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जनपद में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और उनकी प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सीएमओ ने बताया कि प्रधानमंत्री के विशेष निर्देशों के क्रम में जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान पर विशेष फोकस किया जा रहा है। टीबी की समय पर पहचान, उपचार और जन-जागरूकता को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

सीएमओ ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी स्वास्थ्य मंत्री को दी। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करने तथा आमजन को बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास जारी रखने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य व्यवस्था में मानव संसाधन की कमी दूर होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Chetna News
Author: Chetna News

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail