हल्द्वानी। ज्योलिकोट क्षेत्र में दूषित पानी पीने से मौत और लोगों के बीमार होने की घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार कैंप लगाकर लोगों की जांच कर रही हैं और जरूरत के अनुसार उपचार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
उत्तराखंड कृषि उत्पादन मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। उनके मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्र में लगातार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों की तबीयत ज्यादा खराब है, उन्हें बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है।
डब्बू ने कहा कि पानी दूषित होने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता फिलहाल प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द उचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय विधायक और ब्लॉक प्रमुख भी लगातार प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और स्थानीय लोगों से मिलकर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।
अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि प्रभावित परिवारों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में मौजूद हैं और जरूरतमंद लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए जा रहे कैंपों के जरिए लोगों की जांच और उपचार का सिलसिला जारी है। वहीं, दूषित पानी की वजह का पता लगाने के लिए जांच भी की जा रही है।








