काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर में आयोजित विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से बातचीत की। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।
छात्रों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को पढ़ाई और रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े, इसके लिए राज्य में ही बेहतर अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ नए कौशल सीखन और रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में शिक्षा, तकनीक, स्टार्टअप और कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। देहरादून में साइंस सिटी विकसित की जा रही है, जबकि विद्यार्थियों के लिए साइंस और इनोवेशन से जुड़ी गतिविधियों पर भी जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में छात्रों ने मुख्यमंत्री से युवा आयोग, अग्निवीरों के भविष्य, साइबर क्राइम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अग्निवीरों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य में अग्निवीर सेल बनाने की तैयारी की जा रही है।
भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने लोगों से रिश्वत मांगने की स्थिति में टोल-फ्री नंबर 1064 पर शिकायत करने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि वे अपने लक्ष् पर ध्यान दें, मेहनत करें और बदलती तकनीक के साथ खुद को तैयार रखें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास में युवाओं की भूमिका अहम है।








