हल्द्वानी। उत्तराखंड की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में नैनीताल जिले की रहने वाली शिवानी नेगी ने भारतीय सेना में कैप्टन बनकर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
हल्द्वानी निवासी नवीन सिंह नेगी की बेटी शिवानी नेगी ने 17 सितंबर 2024 को भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया था। इसके बाद से वह पुणे स्थित सेना की दक्षिणी कमान में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
शिवानी का सेना से जुड़ाव उनके परिवार के लिए भी खास है। उनके चाचा भारतीय सेना में मेजर के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने वाली शिवानी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर सेना में यह मुकाम हासिल किया है।
शिवानी के कैप्टन बनने की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें बधाई दी और देश सेवा के उनके सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिवानी नेगी की उपलब्धि उत्तराखंड की उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर रही हैं। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
CHETNA NEWS परिवार की ओर से कैप्टन शिवानी नेगी को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।








