बिच्छू घास से चाय निर्माण प्रशिक्षण शुरू, ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share Now:

अल्मोड़ा। विकासखंड भैंसियाछना के पल्यू में ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय संसाधनों से रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में पहल शुरू की गई है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत जय भारत स्वायत्त सहकारिता, पल्यू में बिच्छू घास से चाय निर्माण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती गंगा बिष्ट ने किया।

कार्यक्रम के दौरान गंगा बिष्ट ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से बातचीत की और उनके द्वारा किए जा रहे आजीविका संबंधी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, उद्यमिता और आजीविका से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर और व्यावसायिक उपयोग कर ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। बिच्छू घास से चाय जैसे स्थानीय उत्पादों को प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़कर स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाई जा सकती है।

प्रशिक्षण के बाद दर्जा राज्य मंत्री ने जय भारत स्वायत्त सहकारिता, पल्यू का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सहकारिता द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली और उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग तथा बाजार में संभावनाओं को लेकर चर्चा की।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या, कॉपरेटिव बैंक निदेशक गोपाल मेहरा, खंड विकास अधिकारी ललित महावर, सहायक खंड विकास अधिकारी अनूप चौकरायत, ग्राम विकास अधिकारी, बीएमएम विनोद रावत, एरिया कोऑर्डिनेटर तेज सिंह कनवाल सहित NRLM, ग्रामोत्थान और सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय संसाधनों पर आधारित उत्पाद निर्माण और कौशल विकास से जोड़कर उनकी आजीविका को मजबूत करना तथा स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।

Chetna News
Author: Chetna News

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail