बागेश्वर। बाइक चोरी की शिकायत मिलने के महज 24 घंटे के भीतर बागेश्वर कोतवाली पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई में अलग-अलग मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज और सुरागों की मदद ली।
पुलिस के अनुसार ग्राम द्यांगढ़ निवासी सूरज कठायत ने 16 सितंबर को अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत कोतवाली में दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर प्रभारी कोतवाल निर्मला पटवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई।
पुलिस ने चौरसों निवासी 19 वर्षीय पंकज सिंह रावत उर्फ पंकू को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS और 3(5) BNS भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस टीम की सराहना की है।








