रुद्रपुर, 1 अक्टूबर 2026: मानसून के बाद जिले की सड़कों पर बने गड्ढों को जल्द ठीक करने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संबंधित विभागों को 15 अक्टूबर तक सड़क गड्ढामुक्त अभियान में स्पष्ट प्रगति लाने को कहा है।
गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन और मानसून के बाद सड़कों के सुधारीकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों को बेहतर सड़क और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य गंभीरता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
पहले चरण में चिन्हित होंगी 10-10 सड़कें
जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण और रखरखाव से जुड़े सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक खंड से पहले चरण में 10-10 प्रमुख सड़क मार्गों की सूची मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए। इन सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। वहीं अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को प्रतिदिन सड़क सुधारीकरण की प्रगति रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
जल जीवन मिशन के कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के सुधारीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग के तीनों खंडों को आवंटित धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पेयजल विभाग को मानसून के बाद पेयजल योजनाओं की टेस्टिंग कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि योजनाओं की स्थिति की जांच कर आवश्यक सुधार समय पर किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती, नोडल अधिकारी जेजेएम ईई मनीष कुमार सहित लोक निर्माण विभाग, एनएच, एनएचएआई, पंचायती राज और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिले के सभी उप जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।
जिला सूचना अधिकारी, ऊधम सिंह नगर की ओर से यह जानकारी दी गई।










