रुद्रपुर। खटीमा क्षेत्र के लोहिया हेड निवासी 8 वर्षीय बच्चे वीर को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत बच्चे को स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई। फिलहाल एम्स ऋषिकेश में बच्चे का उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बच्चे की तबीयत गंभीर होने के बाद उसके माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इसकी जानकारी दी थी। मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी को बच्चे के इलाज की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले में तेजी दिखाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आरबीएसके की टीम को तत्काल जानकारी दी और बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे उच्च स्तरीय उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बच्चे को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए निःशुल्क एंबुलेंस उपलब्ध कराई। चिकित्सीय स्टाफ की मौजूदगी में बच्चे को एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। विभाग के अनुसार बच्चे का उपचार निशुल्क किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग बच्चे के उपचार पर लगातार नजर बनाए हुए है। एम्स में चल रहे इलाज के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है और जरूरत के अनुसार विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से बच्चे को समय पर उच्च स्तरीय उपचार मिल सका है।








