हल्द्वानी/नैनीताल (चेतना न्यूज़): मौसम विभाग द्वारा नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी (अलर्ट) जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और संभावित आपदा के खतरों को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने शनिवार, 5 सितंबर को जिले के समस्त विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12वीं तक) के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 5 सितंबर को अवकाश रहेगा। राहत की बात यह है कि इस आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और समस्त कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
आवासीय विद्यालयों पर लागू नहीं होगा आदेश आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नैनीताल नगर क्षेत्र व अन्य क्षेत्रों के ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, वहां यह अवकाश लागू नहीं होगा।
भूस्खलन और जलभराव के खतरे के मद्देनजर लिया गया निर्णय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जिले में कई स्थानों पर तीव्र से अति तीव्र बारिश के दौर की संभावना जताई गई है। इसके चलते बरसाती नालों, नदियों और गधेरों में अचानक तेज जलप्रवाह आने और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है।
उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी (CEO) और जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) को निर्देशित किया है कि वे जिले के सभी संबंधित संस्थानों में आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि यदि किसी भी विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा आदेश की अवहेलना की गई, तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।









