हल्द्वानी। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में प्रत्याशी चयन से पहले पार्टी संगठन ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रायशुमारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को हल्द्वानी स्थित भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा सीटों को लेकर नेताओं से बातचीत की गई। इस प्रक्रिया में प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने संभावित दावेदारों और पार्टी नेताओं से फीडबैक लिया।
इससे पहले भीमताल और नैनीताल विधानसभा सीटों को लेकर भी रायशुमारी की जा चुकी है। तीनों सीटों पर हुई इस कवायद के बाद भाजपा के भीतर टिकट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हल्द्वानी सीट पर कई बड़े नाम मैदान में
हल्द्वानी विधानसभा सीट पर भाजपा के टिकट के लिए कई नेताओं ने अपनी दावेदारी जताई है। इनमें पूर्व मेयर जोगेंद्र पाल रौतेला, दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, शंकर कोरंगा, मोहन पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी भुवन जोशी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शांति भट्ट और निश्चल पांडे के नाम शामिल हैं।
दावेदारों की लंबी सूची से साफ है कि हल्द्वानी सीट पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर प्रतिस्पर्धा दिलचस्प होने वाली है।
कालाढूंगी में भी टिकट के कई दावेदार
कालाढूंगी विधानसभा सीट पर भी भाजपा के कई नेताओं ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। यहां पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक बंशीधर भगत के पुत्र विकास भगत, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष आनंद सिंह दरमवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता सुरेश तिवारी समेत कई नेताओं के नाम दावेदारों के रूप में सामने आए हैं।
लालकुआं सीट पर भी बढ़ी टिकट की दावेदारी
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा के भीतर टिकट को लेकर हलचल देखने को मिली। यहां भाजपा नेता दीपेंद्र कोश्यारी और मुकेश बेलवाल समेत अन्य नेताओं ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए अपनी दावेदारी रखी।
रायशुमारी के दौरान कालाढूंगी और लालकुआं के मौजूदा विधायकों की अनुपस्थिति भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी के पीछे कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
क्या बोले मदन कौशिक?
रायशुमारी की प्रक्रिया को लेकर मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी संगठन विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में फीडबैक जुटा रहा है। इसमें जनता के बीच पार्टी की स्थिति, संबंधित सीट पर जीत की संभावनाओं और आगामी चुनाव की रणनीति जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है।
उन्होंने इस प्रक्रिया को सीधे तौर पर टिकट के दावेदारों की बैठक मानने से इनकार किया। हालांकि, बैठक में बड़ी संख्या में नेताओं की मौजूदगी और चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर किए जाने से राजनीतिक गलियारों में टिकट की दौड़ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
फिलहाल हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं तीनों सीटों पर भाजपा के भीतर दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। अब देखना होगा कि संगठन की रायशुमारी और फीडबैक के बाद पार्टी नेतृत्व किस चेहरे पर भरोसा जताता है।







