नई दिल्ली। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं के बीच अहम बैठक हुई। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
यह बैठक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित हुई। इसमें राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में उत्तराखंड के सभी क्षेत्रों में पार्टी संगठन को सक्रिय बनाने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। नेतृत्व की ओर से स्थानीय स्तर पर जनता से सीधा संवाद बढ़ाने और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
पार्टी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी के अनुसार, कांग्रेस आने वाले समय में प्रदेश की जनता से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाएगी। इसके लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर समन्वय बनाकर काम किया जाएगा।
बैठक में उत्तराखंड के ये नेता रहे शामिल
दिल्ली में हुई इस बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत के अलावा सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा तथा मनोज यादव भी मौजूद रहे।
बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पार्टी अपनी इस रणनीति को प्रदेश के जमीनी स्तर पर किस तरह लागू करती है।
चेतना न्यूज़ | नई दिल्ली







