Haldwani News: दूसरों के जीवन में खुशियां और शांति बांटें, अच्छे कर्मों से बनाएं बेहतर व्यक्तित्व – डॉ. उषा दीदी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share Now:

हल्द्वानी। जीवन की वास्तविक सुंदरता दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उनके जीवन में सकारात्मकता का संचार करने में है। हमें अपने विचारों, व्यवहार और कर्मों से किसी को दुख पहुंचाने के बजाय उनके जीवन में शांति और खुशियां लाने का प्रयास करना चाहिए। यह विचार अंतरराष्ट्रीय मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. उषा दीदी ने सोमवार को हल्द्वानी में आयोजित आध्यात्मिक कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।

कालाढूंगी रोड स्थित लक्ष्मी बैंक्वेट हॉल में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से ‘जीवन जीने की कला’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डॉ. उषा दीदी ने उपस्थित लोगों को जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मिक शांति और अच्छे संस्कारों के महत्व के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने कर्म इस प्रकार करने चाहिए कि उसके संपर्क में आने वाले लोगों को दुख नहीं, बल्कि शीतलता और सुकून का अनुभव हो। जीवन में अच्छे गुणों को अपनाकर ही एक सकारात्मक और प्रभावशाली व्यक्तित्व का निर्माण किया जा सकता है।

मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज तकनीक हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुकी है। ऐसे में मोबाइल का इस्तेमाल ज्ञान और अच्छे कार्यों के लिए होना चाहिए। इसका अनावश्यक उपयोग व्यक्ति को अपने वास्तविक उद्देश्य और जीवन की सही दिशा से भटका सकता है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. उषा दीदी ने उपस्थित लोगों को ध्यान और मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया। इस अवसर पर छोटे बच्चों ने भजन प्रस्तुत किए, जबकि दूरदर्शन दिल्ली की नृत्य कलाकार डॉ. दीपा जोशी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।

कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ब्रह्माकुमारीज से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।

अतिथियों का स्वागत बार एसोसिएशन हल्द्वानी के अध्यक्ष किशोर कुमार पंत, हेमंत भाई, मधुबन से आए पारस भाई, बरेली से अनुराग भाई, चंद्रा बहन, हिमानी बहन और रंजना बहन सहित अन्य सदस्यों ने किया।

इस अवसर पर पार्षद मनोज भट्ट, सुरेश भट्ट, पुष्पा लमगड़िया, विद्या महतोलिया, दीपा काण्डपाल, विद्युत विभाग के इंजीनियर शेखर त्रिपाठी, सुरेश तिवारी, कुबेर बोरा, लोहरियासाल मल्ला सेवाकेंद्र की संचालिका दीपा दीदी, भीमताल सेवाकेंद्र की पूजा बहन, कालाढूंगी क्षेत्र की संचालिका नीमा और बरेली क्षेत्र की संचालिका पार्वती सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

चेतना न्यूज़ | हल्द्वानी

Chetna News
Author: Chetna News

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail