हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर माहौल गर्माने लगा है। ABVP ने छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए धीरज बिष्ट के नाम का ऐलान किया है, लेकिन टिकट घोषित होते ही संगठन के अंदर से विरोध की आवाजें भी सामने आने लगी हैं।
ABVP से लंबे समय से जुड़े आर्यन बेलवाल को अध्यक्ष पद के लिए दावेदार माना जा रहा था। टिकट नहीं मिलने के बाद आर्यन ने पत्रकार वार्ता कर साफ कर दिया कि वह अब निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे।
आर्यन बेलवाल का कहना है कि उनके साथ बड़ी संख्या में छात्र खड़े हैं। उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद उनके समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला।
वहीं, कुछ ABVP पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के इस्तीफा देने की बात भी सामने आई है। नाराज कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण को लेकर सवाल उठाए हैं।
टिकट को लेकर आर्यन बेलवाल की ओर से आरोप लगाया गया है कि संगठन ने लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज करते हुए आईटीआई गैंग से जुड़े एक युवक को टिकट दिया है। हालांकि, यह आरोप आर्यन बेलवाल की ओर से लगाया गया है और इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
अब आर्यन बेलवाल के निर्दलीय मैदान में उतरने के बाद एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। आने वाले दिनों में कौन-कौन से प्रत्याशी मैदान में उतरते हैं और छात्रों का रुख किस ओर रहता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
CHETNA NEWS की नजर छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी हर गतिविधि पर बनी रहेगी।








