11 सितंबर से देहरादून से पहाड़ों के लिए चलेंगी GMOU की 11 बसें, ‘हिमगिरी एक्सप्रेस’ के नाम से होगी शुरुआत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share Now:

देहरादून। गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड (GMOU) की ओर से देहरादून से पर्वतीय क्षेत्रों के लिए सीधी बस सेवा 11 सितंबर से शुरू की जाएगी। प्रशासनिक औपचारिकताओं के चलते सेवा शुरू करने की तारीख पहले दो बार आगे बढ़ाई गई थी। अब परिवहन विभाग से परमिट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 11 सितंबर से बसों का संचालन शुरू करने का फैसला लिया गया है।

पहले चरण में 11 बसें ‘हिमगिरी एक्सप्रेस’ के नाम से संचालित की जाएंगी। ये बसें देहरादून के चांदनी चौक स्थित भुड्डी गांव के नए टर्मिनल से रवाना होंगी। निर्धारित मार्ग से होते हुए बसें ऋषिकेश पहुंचेंगी और वहां से पर्वतीय क्षेत्रों के लिए आगे जाएंगी।

इन रूटों पर चलेगी बस सेवा

शुरुआत में GMOU की बसें जोशीमठ, गोपेश्वर, ऊखीमठ, नागनाथ पोखरी, तिरपालीसैंण, बीरोंखाल और धुमाकोट रूट पर संचालित की जाएंगी। यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए आगे चलकर बसों के फेरे बढ़ाने के साथ नए रूट भी जोड़े जाने की योजना है।

GMOU ने बस संचालन की व्यवस्था के लिए चांदनी चौक (भुड्डी गांव) में अपना नया शाखा कार्यालय भी स्थापित किया है। प्रबंधन का कहना है कि बस सेवा शुरू करने से जुड़ी जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और 11 सितंबर से संचालन शुरू किया जाएगा।

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

देहरादून से सीधे पर्वतीय क्षेत्रों के लिए बस सेवा शुरू होने से पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिले की ओर जाने वाले यात्रियों को खासा फायदा होगा। अभी कई यात्रियों को पहाड़ जाने के लिए ऋषिकेश या हरिद्वार पहुंचकर बस बदलनी पड़ती है। सीधी सेवा शुरू होने के बाद इस परेशानी से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

GMOU के अनुसार, पहले चरण के संचालन के अनुभव और यात्रियों की मांग के आधार पर आने वाले समय में बसों की संख्या और रूट दोनों बढ़ाए जा सकते हैं।

Chetna News
Author: Chetna News

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail