हल्द्वानी: गर्दन का दर्द ठीक कराने गई महिला की मौत, परिजनों ने गर्दन जोर से हिलाने का लगाया आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share Now:

हल्द्वानी। गर्दन के दर्द का इलाज कराने गई एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति पर मालिश करने के बाद महिला की गर्दन जोर से हिलाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को लोगों के कहने पर रामचंद्र अपनी पत्नी मीनाक्षी को गर्दन के दर्द का इलाज कराने के लिए कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति के पास लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि वहां मालिश करने के बाद उक्त व्यक्ति ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रामचंद्र के मुताबिक, उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में पिछले कुछ समय से दर्द था और करीब चार-पांच महीने से उनका इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था।

रामचंद्र मूल रूप से पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं और वर्तमान में दमुवादूंगा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह निजी नौकरी करते हैं।

घटना के बाद परिजन महिला को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। महिला की मौत की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच और चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Chetna News
Author: Chetna News

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail