पशु आहार की बढ़ी दरों पर लगी रोक, 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share Now:

लालकुआं। पशु आहार की बढ़ी हुई दरों को अग्रिम आदेश तक स्थगित किए जाने के फैसले से प्रदेश के हजारों दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिली है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने इस निर्णय के लिए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया है।

मुकेश बोरा के अनुसार, बरसात और दैवीय आपदा की परिस्थितियों के बीच पशुपालक पहले से ही आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। ऐसे में पशु आहार की कीमतों में बढ़ोतरी से उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती थीं। इसी को देखते हुए उन्होंने 14 सितंबर 2026 को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि और अनुदान में संशोधन संबंधी आदेश पर पुनर्विचार की मांग को लेकर मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र सौंपा था।

उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद 14 सितंबर को जारी दर वृद्धि संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

बताया गया है कि संबंधित आदेश में पशु आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड तथा साइलेज-भूसा की दरों में वृद्धि की गई थी। मौजूदा परिस्थितियों में इन दरों के बढ़ने से पशुपालकों की लागत बढ़ने की आशंका थी।

मुकेश बोरा ने कहा कि पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने मंत्री के सामने यह मुद्दा रखा था। उनका कहना है कि आदेश स्थगित होने से फिलहाल पशुपालकों पर बढ़ी हुई कीमतों का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

इस फैसले से नैनीताल जिले के करीब 34 हजार और पूरे उत्तराखंड के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिलने की बात कही गई है।

मुकेश बोरा ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पशुपालकों के हित में लिया गया यह निर्णय महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसके लिए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी पशुपालकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा।

Chetna News
Author: Chetna News

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail