लालकुआं। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के मौके पर गोविंद बल्लभ पंत जयंती समिति लालकुआं की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंडित पंत के जीवन, उनके विचारों और देश के निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया। इस दौरान बच्चों को भी उनके जीवन से प्रेरणा लेने और राष्ट्रसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के लिए पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन और व्यक्तित्व पर आधारित कला एवं निबंध प्रतियोगिताएं कराई गईं। बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 12 छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम के बाद समिति की ओर से करीब 60 छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को नीम करौली महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ दिखाई गई। फिल्म के जरिए बच्चों को नीम करौली महाराज के आध्यात्मिक जीवन, उनके विचारों और मानव सेवा के संदेश को समझने का मौका मिला।
सिनेमा हॉल में फिल्म देखने पहुंचे बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। मनोरंजन के साथ उन्हें संत नीम करौली महाराज के जीवन और उनके सेवा भाव के बारे में जानने का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी समेत अन्य वक्ताओं ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश और समाज के लिए पंडित पंत का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके विचार, सादगी और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
वक्ताओं ने कहा कि नई पीढ़ी को देश के महापुरुषों और संतों के जीवन से जोड़ना जरूरी है। बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें ऐसे व्यक्तित्वों के जीवन और विचारों से परिचित कराया जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से बच्चों के लिए फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल और राजकीय उच्च कन्या विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के संयोजक राजकुमार सेतिया और भाजपा महामंत्री एवं सह संयोजक बॉबी सम्भल समेत समिति से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, पूर्व अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, संजीव शर्मा, धन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ ट्रांसपोर्ट व्यवसायी जगदीश राठौर, अभिषेक सिंह, पंकज सिंह, हेमंत नरूला, आशीष बिष्ट, किरण सेतिया, राजलक्ष्मी पडित, पदम चौधरी और दिनानाथ राय सहित कई लोग मौजूद रहे।








