अल्मोड़ा। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में आयोजित न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ में अल्मोड़ा की युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुर्मांचल एकेडमी और मानस पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कुर्मांचल एकेडमी की कक्षा 10 की छात्रा खुशी नेगी ने 400 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद लंबी कूद में भी उन्होंने बाजी मारते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस तरह खुशी नेगी ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक हासिल किए।
वहीं, मानस पब्लिक स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा कनक नेगी ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने 60 मीटर और 600 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक हासिल किए।
दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कोच कमल कुमार बिष्ट के मार्गदर्शन के साथ नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और खेल अनुशासन को दिया। कमल कुमार बिष्ट 5वीं डिग्री ब्लैक बेल्ट, नेशनल गेम्स पदक विजेता और नेशनल रैफरी हैं।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर कुर्मांचल एकेडमी के हेड मास्टर केके पंत, मानस पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या मंजू बिष्ट, प्रबंधक कमल कुमार बिष्ट, डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन अल्मोड़ा के सदस्य सचिव प्रदीप जोशी और मीरा रयाल ने खुशी जताई। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्पोर्ट्स एकेडमी अल्मोड़ा और ताइक्वांडो एसोसिएशन के प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने भी खुशी नेगी और कनक नेगी की सफलता पर शुभकामनाएं दीं।








