अल्मोड़ा। धौलादेवी ब्लॉक के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय काफली में उत्तराखंड संस्कृत अकादमी की ओर से 18वें संस्कृत महोत्सव के तहत खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में अलग-अलग विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और संस्कृत भाषा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने किया। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा से जुड़ी महत्वपूर्ण भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कृत के अध्ययन के साथ अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
राजकीय इंटर कॉलेज खेती के प्रधानाचार्य राकेश पांडे ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी प्रतिभा सामने रखने और संस्कृत भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी दीक्षा बेलवाल ने की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम का संचालन खंड संयोजक आनंद बल्लभ पांडे ने किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने विभिन्न संस्कृत विधाओं में भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग की आशु भाषण प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज खेती और वाद-विवाद प्रतियोगिता में काफली के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही अगले स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया।
इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज भेटाबडोली के प्रधानाचार्य संकर्षण त्रिपाठी, सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल गैड़ा, धीरेन्द्र सिंह कनवाल, शेखर जोशी, गोकुल भट्ट, प्रेमा गड़कोटी सहित काफली विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।








