लालकुआं नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में 35 प्रस्तावों को मंजूरी, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Share Now:

रजत जयंती पार्क का होगा सौंदर्यीकरण, अंबेडकर नगर में बनेगा मार्केट कॉम्प्लेक्स; सोलर लाइटों की व्यवस्था पर भी बनी सहमति

लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में नगर के विकास से जुड़े करीब 35 प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई।

बैठक में नगर की स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पार्कों के विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठाए गए। पारित प्रस्तावों के तहत रजत जयंती पार्क का सौंदर्यीकरण एवं विकास कराया जाएगा। वहीं वार्ड संख्या एक के अंबेडकर नगर में मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण की योजना को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाने और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर सहमति बनी।

बैठक के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही नगर पंचायत कर्मचारियों के हितों और कल्याण से जुड़े विषयों को भी एजेंडे में शामिल किया गया। बोर्ड बैठक में लिए गए इन फैसलों से नगर में विकास कार्यों को गति मिलने और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि लालकुआं को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर बनाना उनकी प्राथमिकता है। नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर पंचायत लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने सभी सभासदों और नामित सदस्यों से आपसी तालमेल एवं सहयोग के साथ नगरहित में कार्य करने की अपील की।

बैठक में नव नामित सदस्यों का स्वागत भी किया गया। इस दौरान अध्यक्ष ने नगरवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।

बैठक में नगर पंचायत के सभासद, नव नामित सदस्य, अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत सहित कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Chetna News
Author: Chetna News

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail