धनतेरस पर बीजेपी की रैली को लेकर व्यापारियों की परेशानी का मुद्दा उठाया, कांग्रेस ने पूछा- आखिर लोकतंत्र को खतरा किससे?
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे और भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ यात्रा को लेकर उत्तराखंड में सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस ने बीजेपी के इस कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक विरोधाभास करार दिया है। कांग्रेस नेताओं प्रीतम सिंह और सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लोकतंत्र, संविधान और व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाए।
धनतेरस पर रैली से व्यापारियों को परेशानी का आरोप
प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह ने कहा कि धनतेरस हिंदू समाज का महत्वपूर्ण त्योहार है। इस अवसर पर बाजारों में भारी भीड़ रहती है और व्यापारी पूरे साल इस दिन का इंतजार करते हैं। ऐसे में गृह मंत्री के दौरे, रैली, पदयात्रा, सुरक्षा व्यवस्था और वीवीआईपी यातायात डायवर्जन से आम जनता के साथ व्यापारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रीतम सिंह ने बीजेपी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब 1 नवंबर को दिल्ली में राहुल गांधी की रैली को लेकर भाजपा नेताओं ने व्यापारियों के नुकसान का मुद्दा उठाया था, तो अब धनतेरस के दिन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम से व्यापारियों को होने वाली परेशानी पर भाजपा क्या जवाब देगी?
‘लोकतंत्र बचाने की बात करना हास्यास्पद’
वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ यात्रा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र और 10 वर्षों से प्रदेश की सत्ता में काबिज भाजपा का लोकतंत्र बचाने के नाम पर यात्रा निकालना हास्यास्पद है।
धस्माना ने आरोप लगाया कि देश के लोकतंत्र और संविधान के सामने सबसे बड़ी चुनौती भाजपा और आरएसएस की नीतियों से है। उन्होंने भाजपा पर वोट और चंदे से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए।
त्योहारों पर आम जनता की सुविधा का ध्यान रखने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन के दौरान त्योहारों की संवेदनशीलता, आम नागरिकों की सुविधा और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि लोकतंत्र बचाने की बात करने से पहले उसे यह स्पष्ट करना चाहिए कि देश और प्रदेश में लोकतंत्र को खतरा आखिर किससे है।
अमित शाह के देहरादून दौरे से पहले कांग्रेस के इस हमले ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि भाजपा कांग्रेस के इन सवालों पर क्या प्रतिक्रिया देती है।










