अल्मोड़ा। 11वें आयुर्वेद दिवस ‘One Health One Future’ के अवसर पर महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अल्मोड़ा में औषधीय पौधों के रोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीबीएसई सर्कुलर और आयुष मंत्रालय के निर्देशों के तहत हुए इस अभियान में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में एलोवेरा, अदरक, हल्दी, तुलसी, पत्थरचट्टा, पुदीना और गिलोय के पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों ने खुद पौधारोपण किया और इनके औषधीय महत्व के बारे में जानकारी हासिल की।
विद्यालय की जीव विज्ञान शिक्षिका स्वाति तिवारी ने विद्यार्थियों को विभिन्न औषधीय पौधों के उपयोग और उनके महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हमारे आसपास पाए जाने वाले कई पौधे पारंपरिक रूप से स्वास्थ्य संबंधी उपयोग में लाए जाते रहे हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित जायसवाल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को प्रकृति के करीब लाने के साथ-साथ भारतीय आयुर्वेदिक परंपरा और औषधीय पौधों के महत्व को समझने का अवसर देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में औषधीय पौधों के प्रति जानकारी बढ़ाने के साथ उन्हें प्रकृति और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ना रहा।








