अल्मोड़ा। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत हवालबाग विकासखंड में बुधवार को जनप्रतिनिधियों के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकासखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को टीबी की पहचान, लक्षण, जांच, उपचार और बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू ने की। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रांशु डेनियल ने टीबी के प्रमुख लक्षणों और जांच प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हैंडहेल्ड एक्स-रे और बलगम की जांच के माध्यम से टीबी की पहचान की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बीमारी की समय पर पहचान और नियमित उपचार से टीबी को नियंत्रित किया जा सकता है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर संबंधित व्यक्ति को जांच व उपचार के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से टीबी का उपचार निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।
डॉ. पूनम ने भी टीबी के लक्षणों और बीमारी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन आनंद सिंह मेहता ने किया। अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी संतोष जेठी, एबीडीओ रमेश सिंह कनवाल, एडीओ पंचायत तनुज गोस्वामी, प्रधान संगठन अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, महामंत्री विनोद जोशी, उपाध्यक्ष चन्द्रिका तिवारी, शिवराज नयाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विकासखंड के कर्मचारी मौजूद रहे।








