भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक स्थित ग्राम सभा कैड़ागांव-कुकना के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। कैड़ागांव हाईस्कूल का उच्चीकरण अब इंटरमीडिएट स्तर पर कर दिया गया है। इसके बाद विद्यालय में कक्षा 11वीं की पढ़ाई भी शुरू हो गई है।
विद्यालय के उच्चीकरण के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ मंत्री कैड़ा का स्वागत किया और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर खुशी जताई।
15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था
ग्रामीणों के अनुसार, कैड़ागांव में हाईस्कूल के बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई की सुविधा नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को आगे की शिक्षा के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रास्तों की परेशानी के चलते कई बच्चों को आगे की पढ़ाई से वंचित भी होना पड़ता था।
क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने रखी थी। मंत्री कैड़ा ने इस मांग को शासन स्तर पर उठाते हुए विद्यालय के उच्चीकरण के लिए लगातार प्रयास किए।
मंत्री कैड़ा के प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से कैड़ागांव हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किया गया। इसके बाद विद्यालय में कक्षा 11वीं में छात्र-छात्राओं के प्रवेश लेकर पढ़ाई शुरू कर दी गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम का प्रयास: कैड़ा
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपने घर के नजदीक ही बेहतर शिक्षा की सुविधा मिले, इसके लिए सरकार की ओर से लगातार काम किया जा रहा है।
बहुउद्देशीय शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने बहुउद्देशीय शिविर का भी आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ भी लिया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।









