पुलिस अधीक्षक की रणनीति से नशे के कारोबारियों पर कस रहा शिकंजा, संदिग्धों पर पैनी नजर
बागेश्वर। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बागेश्वर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 11.88 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर विशेष नजर रखते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में एसओजी टीम ने प्रभारी सलाउद्दीन खान के नेतृत्व में गिरीछीना रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और संदिग्ध गतिविधियां करता नजर आया। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर युवक की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 11.88 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान मनोज कुमार उर्फ मोनू पुत्र दीवानी राम के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
नशे के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने कहा कि जनपद पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस की निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
एसपी ने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास अवैध नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सूचना के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
स्मैक बरामदगी एवं गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी सलाउद्दीन खान, कांस्टेबल भुवन बोरा, संतोष सिंह, रमेश सिंह तथा चालक विजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।








